Spread the love

By: Ravindra Sikarwar

ग्वालियर में एक नाबालिग छात्रा दो दिन पहले घर से कोचिंग जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने तलाश शुरू की और जब घंटों बीतने पर भी उसका कोई पता नहीं चला, तो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। मामला सामने आते ही पुलिस ने छात्रा की लोकेशन और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी।

परिजनों का कहना है कि लड़की हाल ही में पढ़ाई और दिनचर्या को लेकर माता-पिता की डांट-फटकार से नाराज़ चल रही थी। अंदेशा है कि इसी वजह से वह घर छोड़कर चली गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार रात छात्रा मथुरा के वृंदावन स्थित एक होटल में मिली। उसे सुरक्षित बरामद कर ग्वालियर लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह घर की रोक-टोक से परेशान होकर बिना किसी को बताए वहां चली गई थी।

पुलिस ने परामर्श देने के बाद छात्रा को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता थी, और समय पर कार्रवाई के कारण उसे सही-सलामत ढूंढ लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *