दिव्यांग और OBC अभ्यर्थियों को न्याय देने की मांग, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर भेजा इको गार्डन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 से जुड़े अभ्यर्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
नियुक्ति और आरक्षण से जुड़ी मांगें उठाईं
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों को न्याय दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 40 प्रतिशत अंक के आधार पर उत्तीर्ण घोषित कर नियुक्ति देने की मांग भी उठाई गई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अभ्यर्थियों को नियुक्ति का लाभ दिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर वे सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।
मंत्री आवास के बाहर पुलिस बल तैनात
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए मंत्री आवास के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की।
पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने के बजाय इको गार्डन जाकर धरना देने के लिए समझाने का प्रयास किया गया।
मंत्री से मुलाकात नहीं होने पर बढ़ी नाराजगी
प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कराने के उद्देश्य से अंदर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों का दावा है कि मंत्री ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया।
इसके बाद प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की नाराजगी और बढ़ गई।
हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजे गए प्रदर्शनकारी
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें बसों के माध्यम से इको गार्डन भेज दिया गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे अपने आंदोलन को जारी रखेंगे।
