लालगंज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय सब्जी विक्रेता सुनील कुमार की मौत हो गई।
सुनील कुमार धनघटा मंडी से सब्जी खरीदकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी कल्यानपुर गांव के पास रास्ते में सड़क पर खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में उसकी बाइक पीछे से जोरदार गति में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था की और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुदरहा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सुनील कुमार कलवारी मुस्तहकम का रहने वाला था और सब्जी का कारोबार कर अपने परिवार का गुजारा करता था। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
