Spread the love

शिक्षक दिवस के मौके पर मुजफ्फरनगर के डीएवी डिग्री कॉलेज के सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्य राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बड़े पर्दे पर दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को बधाई दी। जनपद स्तर पर आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 शिक्षकों, 10 एआरपी और 3 एसआरजी समेत कुल 113 शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।

डीएवी कॉलेज सभागार में हुआ भव्य आयोजन, गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम का दिखा लाइव प्रसारण

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखी, जबकि मंच संचालन राजीव कुमार ने किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के अमूल्य योगदान की सराहना की।

‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को पूरा करने में शिक्षकों की भूमिका अहम: वक्ताओं के विचार

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि एक मां अपने बच्चे के भविष्य की जिम्मेदारी शिक्षक को सौंपती है, ऐसे में बच्चों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें संस्कारी बनाना शिक्षकों का सबसे बड़ा दायित्व है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में हमारे शिक्षक एक मजबूत कड़ी हैं। इसके अलावा विधायक राजपाल बालियान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी शिक्षकों को उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।