Spread the love

बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को मिली राहत, फसलों को भी फायदा मिलने की उम्मीद

मंदसौर। जिले में कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे अंतराल के बाद मंदसौर के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और किसानों के चेहरे खिल उठे।

बारिश की कमी के कारण खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ रही थी। अब बारिश होने से फसलों को जरूरी नमी मिलने की उम्मीद जगी है। किसान इसे खेती के लिए राहत के तौर पर देख रहे हैं।

जिले के पिपलियामंडी, गुड़भेली बड़ी, बूढ़ा और नापाखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। लंबे समय बाद हुई वर्षा से ग्रामीण अंचलों में भी खुशी का माहौल है।

किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती है, तो फसलों की स्थिति में और सुधार आने की संभावना है। फिलहाल हुई बारिश ने किसानों को कुछ राहत जरूर दी है और उन्हें बेहतर मानसून की उम्मीद बंधी है।