दोबारा चोरी करने पहुंचने का आरोप, युवक ने पूछताछ में दो साथियों के साथ आने की बात कही
मध्य प्रदेश | मुरैना | संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के श्यामपुर कला गांव में चोरी के संदेह में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। ग्रामीणों ने बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
घर में घुसने पर जाग गए लोग, छत से भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, 30 तारीख की रात एक युवक कथित तौर पर चोरी की नीयत से बलवीर सखवार के घर में दाखिल हुआ। इसी दौरान बलवीर की नींद खुल गई और घर में हलचल होने पर युवक वहां से निकलकर लोकेंद्र सखवार के घर की छत पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि लोकेंद्र के परिवार के लोगों के जाग जाने के बाद युवक वहां से भी भागने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान उसने लोकेंद्र सखवार की बेटी का मोबाइल फोन उठा लिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
पेड़ से बांधकर मारपीट का वीडियो वायरल
युवक के पकड़े जाने के बाद कुछ ग्रामीणों ने उसे रस्सी से पेड़ के साथ बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जिसमें युवक को पेड़ से बंधा हुआ देखा जा सकता है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाद में ग्रामीण युवक को लेकर अंबाह थाने पहुंचे और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
युवक ने दो साथियों के साथ चोरी करने की बात कही
वायरल वीडियो में युवक अपना नाम धर्मवीर सखवार, पिता जमुना प्रसाद सखवार, निवासी सेन्थरा बता रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर स्वीकार करता दिखाई दे रहा है कि वह अकेला नहीं था, बल्कि इंद्रजीत सिंह समेत एक अन्य युवक भी उसके साथ आया था।
युवक ने यह भी दावा किया कि 24 तारीख की रात इसी घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। उसके मुताबिक उस दौरान बलवीर सखवार की मां का बाला चोरी किया गया था। इसके बाद कथित रूप से दूसरी बार चोरी करने पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई को लेकर पुलिस पर उठाए सवाल
मामले को लेकर बलवीर सखवार और लोकेंद्र सखवार की ओर से अंबाह थाने में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है। बलवीर सखवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। वहीं, युवक के साथ ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद कानून हाथ में लेने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
