बंडा: बंडा सब जेल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जेल परिसर को सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी तैयार की गई। जेल प्रशासन की ओर से कई धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह लंबरदार शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। जेलर आर.के. यादव के मार्गदर्शन में पर्व को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
भजन-कीर्तन में शामिल हुए बंदी
जेल में निरुद्ध बंदियों ने भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय जेल परिसर जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के बाद बंदियों और अन्य उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
विधायक वीरेन्द्र सिंह लंबरदार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से सकारात्मक वातावरण बनता है और आपसी भाईचारे तथा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
यादव महासभा ने निकाली भव्य शोभायात्रा
जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में यादव महासभा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के दौरान बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह लंबरदार भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ नृत्य किया, जिससे माहौल कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंग गया। पूरे मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
