Spread the love

सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम से नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर ठगी और बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक युवक को नौकरी और मोटी कमाई का लालच देकर सासाराम बुलाया गया, जहां उसे कथित तौर पर 10 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके परिजनों से पैसे की मांग की गई।

नौकरी और मोटी कमाई का दिया गया लालच

पुलिस के अनुसार, अहमदाबाद निवासी अगोड़ा मुकेश भाई को एक नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी में नौकरी दिलाने और 50 से 60 हजार रुपये प्रतिमाह कमाने का झांसा दिया गया था। लगातार फोन कॉल और संपर्क के बाद उसे सासाराम बुलाया गया। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एक युवती ने उसे रिसीव किया और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव स्थित एक मकान में ले गई।

बंधक बनाकर परिजनों से कराई गई उगाही

आरोप है कि युवक को मकान में बंधक बनाकर रखा गया और उसके परिजनों से लगातार पैसे मंगवाए गए। जब परिवार को शक हुआ तो उन्होंने गुजरात पुलिस से संपर्क किया। गुजरात पुलिस की सूचना पर रोहतास पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

छापेमारी में युवक मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

सासाराम के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेदा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में सहरसा निवासी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया है। वहीं एक महिला समेत दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कम समय में अधिक कमाई का लालच देकर लोगों को फंसाया जाता था और फिर उनसे तथा उनके परिजनों से धन उगाही की जाती थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।