Spread the love

नई दिल्ली: फरवरी ख़त्म होने के साथ ही मौसम ने भी अपना रुख बदल लिया है। देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई है, जबकि कुछ राज्यों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं, महाराष्ट्र और गोवा में गर्मी का असर दिखने लगा है।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 27 फरवरी से 1 मार्च तक उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 27 और 28 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।

इन राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 28 फरवरी को पंजाब के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 27 और 28 फरवरी को पंजाब और हरियाणा के कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा, 27 फरवरी से 2 मार्च तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

तापमान में बदलाव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद इसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। गुजरात में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

इन राज्यों में बढ़ेगी गर्मी
गुजरात, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों और गोवा में अगले 24 घंटे के दौरान गर्मी का असर महसूस किया जाएगा। 28 फरवरी तक इन इलाकों में तापमान बढ़ सकता है, जिससे लोगों को गर्मी की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

दिल्ली में बारिश का अलर्ट
दिल्ली में गर्मी बढ़ने लगी है। बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 27 फरवरी 2023 के तापमान के बराबर है। पिछले साल फरवरी में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsapp