Spread the love

भोपाल: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मध्य प्रदेश में संगठन चुनाव एक बार फिर स्थगित हो गए हैं। इससे पहले, दिल्ली विधानसभा चुनाव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के कारण भी इसकी तारीखें आगे बढ़ाई जा चुकी हैं। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार, संगठन चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अब चुनाव की नई तिथियों की घोषणा करेंगे। माना जा रहा है कि इसके लिए एक-दो महीने का इंतजार करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में संगठन चुनाव दिसंबर तक होने थे। जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना था। लेकिन राजस्थान, छत्तीसगढ़ जैसे कुछ राज्यों को छोड़कर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे अधिकांश बड़े राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव नहीं हो सके हैं। विभिन्न कारणों से राज्यों के चुनावों के स्थगित होने से राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया भी लगभग तीन महीने पीछे चल रही है।

मध्य प्रदेश में तीसरी बार टले चुनाव:
मध्य प्रदेश में 30 जनवरी 2025 तक सभी 62 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद, उम्मीद थी कि फरवरी तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। लेकिन केंद्रीय नेतृत्व की दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के कारण इसकी तिथि घोषित नहीं हो सकी। 8 फरवरी 2025 को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद, माना जा रहा था कि फरवरी के अंत तक प्रदेश इकाई के चुनाव कराए जा सकते हैं।

हालांकि, 24-25 फरवरी को भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के चलते मध्य प्रदेश में संगठन चुनाव एक बार फिर टाल दिए गए। हाल ही में, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हुई थी, लेकिन पहलगाम में आतंकी हमले के कारण पार्टी नेतृत्व ने इसे फिर से स्थगित कर दिया।

माना जा रहा है कि इस हमले का बदला लेने तक सरकार के साथ-साथ पार्टी भी कोई बड़ा आयोजन या निर्णय नहीं लेगी। इसलिए, संगठन चुनाव कम से कम एक से दो महीने और आगे बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsapp