By: Ishu Kumar
supaidih : जामताड़ा जिले के सुपाईडीह पंचायत क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध हालात में खेत से बरामद हुआ। पंचायत भवन के पास जोरिया किनारे स्थित खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मतदान के लिए निकला था घर से, देर शाम मिला शव
supaidih मृतक की पहचान नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि आनंद सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से मतदान करने के लिए निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह दोपहर तक लौट आएगा, लेकिन शाम तक जब उसका कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
काफी तलाश के बाद शाम करीब 7 बजे सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।
शरीर पर संदिग्ध निशान, घटनास्थल पर मिले टायर के निशान
supaidih ग्रामीणों के अनुसार मृतक के पैर पर जलने जैसे निशान देखे गए, जिससे मामला और अधिक उलझ गया है। वहीं घटनास्थल के आसपास बाइक के टायर के निशान भी पाए गए हैं। इन तथ्यों ने हत्या या किसी सुनियोजित साजिश की आशंका को बल दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत सामान्य नहीं लग रही है। जिस स्थान पर शव मिला, वहां तक अकेले पहुंचना आसान नहीं है, इसलिए कई लोग इस घटना के पीछे किसी आपराधिक साजिश की संभावना जता रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
supaidih घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों को एकत्र कर जांच आगे बढ़ा रही है।
घटना के बाद सुपाईडीह और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजन और ग्रामीण जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Also Read This: Chatra: दुर्घटना, रांची से दिल्ली जा रही उड़ान जंगल में गिरी, 7 की मौत

