रिपोर्टर: गगन पाण्डेय
Siwan : बिहार के सीवान रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक शातिर युवक को रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में रेलवे ट्रैक की पेंडरॉल क्लिप और लोहे की प्लेटें बरामद की गई हैं, जो रेल परिचालन की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जाती हैं।
Siwan शेख मोहल्ले का रहने वाला है आरोपी मोहम्मद रुस्तम
पकड़े गए चोर की शिनाख्त मोहम्मद रुस्तम के रूप में हुई है, जो सीवान नगर थाना क्षेत्र के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद इसराइल का बेटा है। आरपीएफ की टीम को यार्ड में गश्त के दौरान इस युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ था। जब टीम ने घेराबंदी करके उसे दबोचा और तलाशी ली, तो उसके पास से चुराई गई सरकारी रेल संपत्ति बरामद हुई।
Siwan आरपीएफ पोस्ट पर मुकदमा दर्ज, भेजा गया जेल
रेलवे की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और चोरी के इस गंभीर मामले को लेकर सीवान आरपीएफ पोस्ट पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 05/26 दर्ज किया गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रुस्तम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Siwan बड़ी रेल दुर्घटना की साजिश या कबाड़ का धंधा? जांच शुरू
रेलवे ट्रैक से पेंडरॉल क्लिप और लोहे की प्लेटें गायब होना सीधे तौर पर ट्रेनों के पटरी से उतरने (डिरेलमेंट) के खतरे को बढ़ाता है। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी सिर्फ कबाड़ में बेचने के लिए यह चोरी कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है जो रेल पटरियों को नुकसान पहुँचाने की साजिश में शामिल है।

