रिपोर्टर: गगन पाण्डेय
Siwan : बिहार के सीवान जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वारदात के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर बवाल काटा। हालात बिगड़ते देख सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को खुद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा।
Siwan देर रात दरवाजे पर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग
यह खौफनाक वारदात नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव की है। मृतक की शिनाख्त बुलेट अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात बुलेट अंसारी अपने घर के बाहर दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी बीच कुछ अज्ञात हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से बुलेट अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
Siwan मौत की खबर से भड़के ग्रामीण, नौतन बाजार कराया बंद
युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की तादाद में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने नौतन बाजार की दुकानों को बंद करवा दिया और मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर आगजनी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब लोग अपने ही घर के बाहर सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। परिजनों ने प्रशासन से न्याय, सुरक्षा और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की गुहार लगाई।
Siwan मौके पर पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा, दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
सड़क जाम और बवाल की सूचना मिलते ही सीवान के एसपी पूरन कुमार झा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से बात कर उन्हें शांत कराया और न्याय का भरोसा दिलाया। एसपी ने बताया कि वारदात की जगह से फॉरेंसिक और तकनीकी टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और छापेमारी अभियान जारी है।
ये भी पढ़े: New Delhi: भारत-अमेरिका विदेश मंत्रियों की संयुक्त प्रेस वार्ता, रणनीतिक साझेदारी और आतंकवाद पर कड़ा संदेश

