रिपोर्टर: गगन पाण्डेय
Siwan : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस और रेल सुरक्षा बल लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में सीवान जिले के मैरवा रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने स्टेशन परिसर से दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Siwan चेकिंग के दौरान मिली 14.6 लीटर देशी शराब
मैरवा स्टेशन पर गश्त के दौरान सुरक्षा बलों को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उन्हें रोककर उनके पास मौजूद सामान की गहन तलाशी ली गई, तो उनके बैग से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तस्करों के पास से कुल 14.6 लीटर देशी शराब जब्त की गई है, जिसे बेहद चालाकी से छुपाकर ले जाया जा रहा था।
Siwan उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासियों के रूप में हुई है। ये तस्कर यूपी से सस्ती शराब की खेप लाकर बिहार के स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर खपाने की फिराक में थे। हालांकि, मैरवा स्टेशन पर तैनात सुरक्षा बलों की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
Siwan जब्त माल की कीमत ₹4,015; जीआरपी सीवान को सौंपी गई कस्टडी
पुलिस विभाग के अनुसार, जब्त की गई 14.6 लीटर देशी शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4,015 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तारी और जब्ती की प्राथमिक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने दोनों आरोपियों को आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई और पूछताछ के लिए जीआरपी सीवान के सुपुर्द कर दिया है।

