RatlamRatlam
Spread the love

Ratlam: दो तस्कर गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मुंबई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई है। इस ऑपरेशन में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी कार्रवाई मुंबई से मिले एक अहम सुराग के बाद अंजाम दी गई।

Ratlam: मुंबई से शुरू हुई जांच की कड़ी

रतलाम (ग्रामीण) एएसपी विवेक कुमार के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को मुंबई में पुलिस ने 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसके तार मंदसौर जिले से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसी इनपुट के आधार पर मुंबई ठाणे पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

Ratlam: मंदसौर के गांव में दबिश, आरोपी हुए फरार

मुंबई पुलिस की टीम, एपी जादव के नेतृत्व में, मंगलवार दोपहर मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र स्थित सूरजनी गांव पहुंची। यहां पुलिस भय्यू लाला नाम के तस्कर को पकड़ने गई थी, लेकिन वह अपने दो साथियों के साथ मौके से भागने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा।

जावरा के हुसैन टेकरी क्षेत्र तक पहुंचा पीछा

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि फरार तस्कर जावरा के हुसैन टेकरी इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने जावरा पुलिस से संपर्क कर सहयोग मांगा। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इलाके में घेराबंदी की योजना बनाई गई।

संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी दबोचे गए

जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी कुलदीप देथलिया की अगुवाई में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो तस्करों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहर गुर्जर (निवासी सुखाखेड़ा) और जाजू सुल्तान (निवासी तितरोद, जिला मंदसौर) के रूप में हुई है। उनके पास से 10 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई।

मुंबई ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि मंदसौर जिले से एमडी ड्रग्स की सप्लाई मुंबई और अन्य शहरों में की जा रही थी। मुंबई पुलिस ने 23 ग्राम एमडी की जब्ती से जुड़े सुरागों पर आगे बढ़ते हुए 3.50 किलो एमडी भी बरामद की गई थी। फिलहाल मुख्य आरोपी भय्यू लाला की तलाश जारी है। गिरफ्तार तस्करों को बुधवार को जावरा कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जाएगा। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।

ये भी पढ़े: MPEBC: एमपी बिजली वितरण कंपनी ने की बकायादारों की सूची सार्वजनिक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *