RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर तस्कर को दबोच लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने लाखों रुपए कीमत की प्रतिबंधित नाइट्राजेपम टेबलेट का भारी जखीरा बरामद किया है।

महादेवघाट के पास ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना डीडी नगर क्षेत्र के अंतर्गत महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक संदिग्ध युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाने की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान मोहम्मद असजद (निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया, रायपुर) के रूप में करते हुए उसे धर दबोचा।

थैले से बरामद हुईं 2100 प्रतिबंधित नाइट्राजेपम टेबलेट्स

शक के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी के पास रखे थैले की तलाशी ली, तो उसमें से प्रतिबंधित नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की कुल 2100 नग टेबलेट्स बरामद हुईं। जब पुलिस ने दवाइयों के वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगे, तो आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वह इस अवैध नशे की खेप को पड़ोसी राज्य ओडिशा से लेकर आया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर करीब 8.40 लाख रुपए कीमत की ये टेबलेट्स जब्त कर ली हैं।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस, अब तक 207 गिरफ्तार

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की गहराई से छानबीन कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में यह माल किससे लिया गया था और रायपुर में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी में शामिल अन्य सहयोगियों पर भी जल्द शिकंजा कसा जाएगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में कुल 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ये भी पढे: Madhya Pradesh NCORD meeting: मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ा कदम: शिक्षण संस्थानों में बनेंगी एंटी ड्रग समितियां, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश