रिपोर्टर: अमन दीप
Rourkela One Sided Love Petrol Fire Case : ओडिशा के राउरकेला से एक रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ सुंदरगढ़ जिले के बिसरा ब्लॉक अंतर्गत जराटोला गाँव में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 26 साल की एक युवती के घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस जानलेवा हमले में युवती करीब 40 फीसदी तक बुरी तरह झुलस गई है, जिसे बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है।
Rourkela One Sided Love Petrol Fire Case रिलेशनशिप का प्रस्ताव ठुकराने पर रची खौफनाक साजिश
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी युवक काफी समय से युवती का पीछा कर रहा था। वह पीड़िता के साथ जबरन रिलेशनशिप में रहना चाहता था और उसने इसके लिए प्रस्ताव भी दिया था। जब युवती ने उसके इस एकतरफा प्रस्ताव को साफ ठुकरा दिया, तो आरोपी बदले की आग में जलने लगा। इसी आक्रोश में उसने युवती को जान से मारने की खौफनाक योजना बना डाली।
Rourkela One Sided Love Petrol Fire Case खिड़की के रास्ते डाला पेट्रोल, चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी
शुक्रवार की देर रात जब युवती अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी छिपते हुए उसके घर पहुँचा। उसने बंद कमरे की खिड़की के रास्ते अंदर भारी मात्रा में पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। पल भर में ही पूरा कमरा आग की लपटों और धुएं से घिर गया। कमरे में फंसी युवती ने जब खुद को आग से घिरा पाया, तो उसने मदद के लिए शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और युवती को बाहर निकालकर तुरंत राउरकेला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
Rourkela One Sided Love Petrol Fire Case सुसाइड करने जा रहा था आरोपी, समय पर पहुँची पुलिस ने दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। राउरकेला के एसपी नितेश वाधवानी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद भी खुदकुशी (आत्महत्या) करने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने वक्त रहते उसे धर दबोचा और एक और अनहोनी को टाल दिया। पुलिस फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
ये भी पढ़े: Fennel Mishri: खाने के बाद सौंफ और मिश्री क्यों खानी चाहिए? जानिए इसके 5 बेहतरीन स्वास्थ्य लाभ

