by-Ravindra Sikarwar
महू (एमपी): (8 जून) मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एक सरकारी अस्पताल में एक चौका देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक आवारा कुत्ता एक मृत नवजात शिशु को अपने जबड़ों में दबाए हुए अस्पताल के शौचालय के पास घूमता देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हृदयविदारक दृश्य के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।
यह घटना शनिवार को महू स्थित सिविल अस्पताल में हुई, जो जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। एक सुरक्षा गार्ड ने कुत्ते को भगाकर किसी तरह नवजात का शव उससे छुड़ाया। सूत्रों के अनुसार, शिशु के शव का कुछ हिस्सा कुत्तों द्वारा खा लिया गया था।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यह घटना देर रात 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। फुटेज में एक किशोरी शौचालय में जाती हुई दिखाई दी। अस्पताल के प्रभारी डॉ. एच.आर. वर्मा के अनुसार, शुक्रवार रात 9 बजे पेट दर्द की शिकायत के साथ 17 वर्षीय एक लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशंका है कि लड़की ने शौचालय में ही बच्चे को जन्म दिया और फिर एक अज्ञात व्यक्ति के साथ अस्पताल से चली गई।
पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ लड़की और उसके साथ आए व्यक्ति की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि यह एक समय से पहले हुई डिलीवरी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। अस्पताल अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया कि अस्पताल के सभी तीन गेट रात में खुले रहते हैं, जिससे आवारा कुत्तों का प्रवेश संभव हो पाता है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
