NawadaNawada
Spread the love

By: Yogendra Singh

Nawada : जिले के रोह थाना क्षेत्र में ग्रामीण चिकित्सक अशोक मिस्त्री (45) की निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य वारदात में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि 22 जनवरी की शाम गोड़ीहारी गांव निवासी अशोक मिस्त्री अपनी क्लिनिक बंद कर घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। अगले दिन 23 जनवरी को कोशी गांव के समीप गेहूं के खेत में उनका अधजला और क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव गर्दन से कमर तक जला हुआ था और दो हिस्सों में कटा मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

एसआईटी गठन के बाद तेजी से बढ़ी जांच

मृतक की पत्नी सुगिया देवी के आवेदन पर रोह थाना में कांड संख्या 30/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। सीडीपीओ हुलास कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वॉड, मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

बैंक खाते से रकम निकासी बना हत्या का कारण

जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे मुख्य वजह पैसों का लालच था। आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक के मोबाइल फोन का उपयोग कर उनके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर की। पुलिस के अनुसार आलोक राज उर्फ मिथलेश, टिंकू यादव और तबरेज आलम, जो पूर्व में जेल में साथ रह चुके थे, अशोक मिस्त्री की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। 22 जनवरी की रात मौका पाकर टिंकू, आलोक और एक किशोर ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दो हिस्सों में काटकर डीजल डालकर जला दिया, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।

इस मामले में मो. तबरेज आलम, रिकी पटेल, दिपु उर्फ दीपक कुमार, रजनीश सिंह उर्फ सेठी, प्रदुम कुमार, रोहित कुमार, शिवम कुमार, आदर्श कुमार उर्फ चाटो और आलोक राज उर्फ मिथलेश सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read This: Sheohar: न्यायालय परिसर में ई-सेवा केंद्र, एडीआर फैमिली कोर्ट का उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *