By: Yogendra Singh
Naugachhia : होली के उल्लास और रंगों के बीच बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया इलाके में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई गोलीबारी में तीन युवकों को गोली मार दी गई, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
मृतकों और घायल की पहचान
Naugachhia पुलिस के अनुसार, इस घटना में मारे गए युवकों की पहचान गुलशन कुमार (पिता – सदानंद मंडल) और धीरज कुमार (पिता – अनिल मंडल) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान अजेश कुमार (पिता – विजय मंडल) के रूप में की गई है। अजेश कुमार को गोली लगने के बाद आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया।
दोनों मृतकों के शव नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी स्थित कलबलिया धार के पास सड़क किनारे से बरामद किए गए। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
होली के दिन ससुराल आए थे युवक
Naugachhia परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के भौरकाठ गांव के निवासी थे। मृतक गुलशन कुमार के भाई मिथलेश मंडल ने बताया कि होली के मौके पर गुलशन अपनी पत्नी और दो दोस्तों के साथ इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोरकहिया स्थित ससुराल आया था।
पत्नी को ससुराल में छोड़ने के बाद तीनों युवक अपने मौसिया ससुराल बोरवा गांव चले गए थे। वहां से वे शाम करीब चार बजे निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।
घायल युवक के फोन से खुला मामला
Naugachhia रातभर खोजबीन के बावजूद युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच घायल अजेश कुमार ने किसी तरह परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे नवगछिया थाना क्षेत्र के कलबलिया धार के पास सड़क किनारे दो युवकों के शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी के पीछे क्या कारण था।
होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Also Read This: Jamshedpur: दीप्ति खेमानी ने 53 की उम्र में माउंट किलिमंजारो फतह कर रचा इतिहास, दृढ़ संकल्प और साहस से हासिल की बड़ी उपलब्धि

