By: Yogendra Singh
Munger : हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो मोहल्लों के युवाओं के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक उग्र हो गया। सिगरेट के धुएं को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और एहतियातन कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

सिगरेट के धुएं को लेकर शुरू हुआ विवाद
Munger जानकारी के अनुसार खड़गपुर नगर क्षेत्र के सिमपुर और शेख टोला मोहल्ले के युवाओं के बीच तनाव उस समय बढ़ा, जब बाजार से लौट रहे कुछ युवकों की पुल के पास खड़े अन्य युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ युवक सिगरेट और नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे तथा गुजर रहे लोगों की ओर धुआं उड़ा रहे थे। इसी बात को लेकर पहले बहस हुई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई और कुछ ही देर में पथराव होने लगा। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
पथराव में कई घायल, अस्पताल में इलाज जारी
Munger दोनों ओर से चले ईंट-पत्थरों में कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों को अलग कर शांति स्थापित की।
प्रशासन सतर्क, अतिरिक्त बल की तैनाती
Munger स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियातन चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तथा क्यूआरटी टीम की तैनाती कर दी गई है।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि यह विवाद दो मोहल्लों के कुछ युवाओं के बीच शुरू हुआ था, जो बाद में पथराव में बदल गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पा लिया है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी जारी है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।
Also Read This: Bokaro: नगर निकाय चुनाव-चास में भोलू पासवान की दोबारा जीत, फुसरो में निर्मला देवी को बहुमत

