Spread the love

BY: Yoganand Shrivastva

खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने आज तड़के जगतपुर गांव में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘जहर’ कहे जाने वाले सिंथेटिक दूध बनाने के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में हानिकारक केमिकल और पाम ऑयल जब्त किया गया है, जिसका उपयोग नकली दूध तैयार करने में किया जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर तड़के दी दबिश

खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि जगतपुर गांव की एक डेयरी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर सिंथेटिक दूध बनाया जा रहा है। इस सूचना की पुष्टि के बाद, आज सुबह टीम ने अचानक बताए गए स्थान पर दबिश दी। यह अवैध कारोबार अशोक सिंह कुशवाह के मकान में संचालित किया जा रहा था।

केमिकल और पाम ऑयल का जखीरा बरामद

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से सिंथेटिक दूध बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद की। अधिकारियों को वहां से 3 टिन आरएम केमिकल, एक टिन रिफाइंड और ड्रमों में भरा हुआ पाम ऑयल मिला। टीम ने तुरंत केमिकल और पाम ऑयल को जब्त कर लिया और जांच के लिए तीन अलग-अलग सैंपल लिए। मौके पर मिली स्थिति इतनी संदिग्ध थी कि विभाग ने तत्काल प्रभाव से डेयरी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।

जनता की सेहत से खिलवाड़ पर सख्त रुख

अधिकारियों के अनुसार, केमिकल और पाम ऑयल की मदद से बनाया गया सिंथेटिक दूध स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है। खाद्य विभाग अब जब्त किए गए नमूनों की लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *