LHB coach : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोपाल मंडल की दो महत्वपूर्ण ट्रेनों में आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है। 15 फरवरी से भोपाल–खजुराहो महामना एक्सप्रेस और 16 फरवरी से रानी कमलापति–आधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस नए लाल रंग के एलएचबी कोच के साथ संचालित होंगी। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) भोपाल मंडल को इन ट्रेनों के लिए दो नए रैक उपलब्ध कराए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
सीटें बढ़ेंगी, सफर होगा अधिक आरामदायक
LHB coach सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि ट्रेन संख्या 22163/22164 (भोपाल–खजुराहो–भोपाल महामना) और 22187/22188 (रानी कमलापति–आधारताल एक्सप्रेस) अब पुराने आईसीएफ कोच की जगह एलएचबी कोच के साथ चलेंगी। अभी तक ये ट्रेनें नीले-पीले रंग के पारंपरिक कोच के साथ संचालित हो रही थीं।
एलएचबी कोच हल्के, मजबूत और उन्नत तकनीक से लैस होते हैं। इनमें बेहतर सस्पेंशन, उच्च गति क्षमता और दुर्घटना की स्थिति में अधिक सुरक्षा व्यवस्था होती है। नए कोच लगने से सीटों की संख्या में भी इजाफा होगा, जिससे प्रतीक्षा सूची कम होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को नया ठहराव
LHB coach रेल प्रशासन ने यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए 18238 अमृतसर–बिलासपुर एक्सप्रेस को राजा की मंडी स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। इसके लिए समय सारिणी में आंशिक बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन यहां सुबह 7:08 बजे पहुंचेगी और 7:10 बजे रवाना होगी। पहले इसका आगमन और प्रस्थान समय 7:04 और 7:06 बजे निर्धारित था।
इस बदलाव से आगरा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रीवा–सीएसएमटी साप्ताहिक स्पेशल के फेरे बढ़े
LHB coach इटारसी मार्ग से चलने वाली रीवा–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। दोनों दिशाओं में 17-17 अतिरिक्त ट्रिप जोड़ी गई हैं। यह ट्रेन रीवा से प्रत्येक गुरुवार 26 जून तक और मुंबई से प्रत्येक शुक्रवार 27 जून तक चलेगी।
ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। निर्धारित समय के अनुसार 02187 रीवा से दोपहर 3:50 बजे रवाना होकर इटारसी होते हुए अगले दिन दोपहर 12:20 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में 02188 सीएसएमटी से दोपहर 1:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे रीवा पहुंचेगी।
रेलवे के इन फैसलों से क्षेत्रीय यात्रियों को बेहतर सुविधा और अधिक विकल्प मिलेंगे।
Also Read This: Ujjain: सिंहस्थ 2028 की तैयारी में हरियाखेड़ी जल परियोजना का शिलान्यास

