रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : जिले के फतेहपुर बाजार स्थित बजरंगबली बस स्टैंड के पास शुक्रवार की रात अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को बीच रास्ते में रोककर पिस्तौल के बल पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लूट लिया और हवा में तानते हुए फरार हो गए। रात करीब 8:30 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों में भारी आक्रोश है।

Jamtara घर की दहलीज से महज 100 मीटर पहले घेरा
पीड़ित की पहचान फतेहपुर बाजार निवासी और ‘जेबी ज्वेलर्स’ के प्रोपराइटर अमरजीत वार्मण के रूप में हुई है। रोजाना की तरह वे रात में अपनी दुकान बढ़ाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वे अपने घर से महज सौ मीटर की दूरी पर थे, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच नकाबपोश अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि व्यवसायी कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर गहनों से भरा बैग झपट लिया।
Jamtara चीख-पुकार के बाद जुटी भीड़, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पलक झपकते ही मोटरसाइकिल से रफूचक्कर हो गए। व्यवसायी के शोर मचाने पर आस-पास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरे जा चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अपराधियों के भागने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
Jamtara व्यापारियों में दहशत का माहौल, सुरक्षा की मांग
फतेहपुर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस बड़ी लूट के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में असुरक्षा और भय की लहर दौड़ गई है। स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की शिनाख्त करने और उन्हें जेल भेजने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े: Bhagalpur में नशे के सौदागरों पर प्रहार: 8.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

