JaipurJaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Jaipur : राजस्थान की राजधानी जयपुर में अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बेटियों की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने सीकर जिले के रींगस से धर दबोचा है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए धार्मिक स्थलों की शरण ले रहा था। सीसीटीवी फुटेज और सटीक सर्विलांस के आधार पर विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वारदात के बाद मंदिरों में लगाई हाजिरी और बेची अंगूठी

Jaipur गोविंद वाटिका (करधनी थाना क्षेत्र) में इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल झा ई-रिक्शा पकड़कर जयपुर के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करने पहुंचा। इसके बाद वह खाटू श्यामजी चला गया और वहां एक होटल में ठहरा। जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो उसने होटल स्टाफ को अपनी अंगूठी बेचकर नकदी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, स्टाफ के इनकार करने के बाद वह रींगस की ओर निकल गया, जहां चेहरे को कपड़े से ढके होने के बावजूद पुलिस टीम ने उसे पहचान कर दबोच लिया।

पारिवारिक विवाद और बेटी पर शक बना हत्या का कारण

Jaipur प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी गीता झा (40) तथा तीन बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरीशा (14) की हत्या का अपराध स्वीकार किया है। आरोपी ने बताया कि वह अपनी बड़ी बेटी के व्यवहार और उसके किसी अनजान युवक के साथ कांवड़ यात्रा से लौटने को लेकर बेहद नाराज था। आए दिन बेटियों के साथ बात न मानने को लेकर होने वाले गृह-क्लेश से तंग आकर उसने इस वीभत्स कदम को उठाया।

हत्या के बाद पिता के साथ पी चाय, जांच जारी

Jaipur वारदात की सुबह का घटनाक्रम बेहद चौंकाने वाला रहा। चारों की हत्या करने के बाद आरोपी ने पहले अपने रक्तचरित कपड़े बदले। इसके बाद प्रातः 7 बजे दूध खरीदकर लाया, घर पर चाय बनाई और अपने बुजुर्ग पिता के साथ बैठकर चाय पी। चाय पीने के बाद ही वह चुपचाप घर से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इस नरसंहार के पीछे केवल पारिवारिक कलह थी या कोई अन्य गहरा षड्यंत्र।

ये भी पढ़े: महोबा के सुगिरा गांव में कौतूहल: सांप दिखने के बाद जमीन से प्रकट हुए शिवलिंग और नंदी, जुटी श्रद्धालुओं की भीड़