IndoreIndore
Spread the love

रिपोर्टर: अनुराग शुक्‍ला

Indore : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कर चोरी और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (DGGI) और मध्य प्रदेश आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात बायपास पर घेराबंदी करते हुए शराब की एक विशाल खेप पकड़ी। पत्थर मुंडला इलाके से जब्त किए गए दो ट्रकों से ‘श्री गोल्ड कॉइन’ ब्रांड की लगभग 3,000 पेटी शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

7 दिनों की गुप्त निगरानी के बाद बायपास पर बिछाया गया जाल

Indore प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियों को काफी समय से इनपुट मिल रहा था कि कर की चोरी करके शराब की बड़ी खेप इंदौर के रास्ते अन्य राज्यों में भेजने या स्थानीय बाजार में खपाने की साजिश रची जा रही है। इस खुफिया जानकारी के आधार पर DGGI और आबकारी विभाग की विशेष टीमों ने लगातार 7 दिनों तक बायपास और आसपास के इलाकों में संदिग्ध वाहनों की रेकी की। मंगलवार रात जैसे ही ये दोनों संदिग्ध ट्रक पत्थर मुंडला क्षेत्र की तरफ मुड़े, मुस्तैद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।

तिरपाल हटते ही खुला राज: 3,000 से अधिक पेटियां बरामद

Indore शुरुआत में वाहन चालकों ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया और ट्रकों में सामान्य सामान लोड होने का दावा किया। हालांकि, जब टीम ने कड़ाई से जांच करते हुए ट्रकों पर लगी तिरपाल हटवाई, तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। दोनों ट्रकों में ‘श्री गोल्ड कॉइन’ ब्रांड की शराब की पेटियां खचाखच भरी हुई थीं। चालकों से जब परिवहन के वैध दस्तावेज, ई-वे बिल और परमिट मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने शराब और वाहनों को तुरंत कब्जे में ले लिया।

सिंडिकेट और कर चोरी की गहराई से जांच में जुटे अधिकारी

Indore सहायक आबकारी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के अनुसार, इस पूरे मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और चालकों से पूछताछ जारी है। इस मामले में DGGI बड़े पैमाने पर हुई जीएसटी और एक्साइज ड्यूटी चोरी के कोण से जांच कर रही है। वहीं आबकारी विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि शराब की यह खेप किस फैक्ट्री से लोड हुई थी और इंदौर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

ये भी पढ़े: Neeraj Kumar Anant Singh: पटना स्नातक निर्वाचन सीट: जेडीयू नेता नीरज कुमार का अनंत सिंह पर तंज, बोले- ‘कहां है रे गुंजन… ले जाओ मिठाइयां’