India’s weather : देशभर में बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जहां पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
सूखी उत्तर-पश्चिमी हवाएं दिन के तापमान को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से हीटवेव की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में पारा 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह संकेत देता है कि इस बार गर्मी का असर अपेक्षा से पहले देखने को मिल सकता है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बढ़ेगा तापमान
India’s weather मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक रह सकता है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में दिन का तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। मैदानी इलाकों में तमिलनाडु के मदुरै में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 4 और 5 मार्च को गुजरात के कुछ क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे हालात बन सकते हैं। फिलहाल अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन अगले 5 से 6 दिनों में 2 से 4 डिग्री की क्रमिक वृद्धि संभव है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी, पश्चिमी विक्षोभ का असर
India’s weather दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी वर्षा की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी हल्की बारिश के आसार हैं। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बना रहेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम, साफ आसमान, सामान्य से अधिक तापमान
India’s weather दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 1 से 1.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा सकता है। कुल मिलाकर राजधानी में फिलहाल गर्मी का हल्का असर महसूस होने लगा है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
Also Read This: Bhopal: निजी स्कूलों पर प्रशासन की सख्ती, यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने के लिए अभिभावक को निजी आज़ादी

