Hospital Negligence: ड्यूटी खत्म होने का बहाना, मरीज दर्द में कराहती रही
By: Yogendra Singh
नालन्दा: हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल में तीन दिन पहले बंध्याकरण ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस बार मामला बड़े ऑपरेशन से प्रसव कराई गई महिला मरीज निशु कुमारी से जुड़ा है, जिसे रात में असहनीय दर्द हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने मरीज की मदद करने में गंभीर लापरवाही बरती।
Hospital Negligence: दर्द में कराहती रही मरीज, डॉक्टर बोले: ड्यूटी खत्म
हिलसा थाना क्षेत्र के बलभद्र सराय गांव की निशु कुमारी को 31 जनवरी को बड़ा ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया था। सफल ऑपरेशन के बाद उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया। अगले दिन रात लगभग आठ बजे अचानक मरीज को तेज दर्द हुआ। परिजन बार-बार डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों से मदद मांगते रहे, लेकिन डॉक्टर ने बताया कि उनकी ड्यूटी समाप्त हो चुकी है। मरीज दर्द से कराहती रही, जबकि स्वास्थ्यकर्मी आराम फरमा रहे थे। काफी दबाव डालने के बाद एक घंटे बाद डॉक्टर आए और इलाज किया।
Hospital Negligence: परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मरीज के परिजन अनीश कुमार ने अस्पताल उपाधीक्षक को लिखित आवेदन देकर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बड़े ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत गंभीर थी, लेकिन जिम्मेदारों ने उसे भगवान भरोसे छोड़ दिया।
अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती लापरवाही की घटनाओं से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोग स्वास्थ्य विभाग की मौन प्रतिक्रिया से निराश हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।
जांच का एलान, पर क्या होगी कार्रवाई?
अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच की बात कही है, लेकिन अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी या मामला फाइलों में दब जाएगा।
Also Read This: Saharsa: पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ चार तस्कर गिरफ्तार किया

