Spread the love

By-Ravindra Sikarwar

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। झांसी में अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर ग्वालियर लौट रहे पांच युवक उस समय काल के गाल में समा गए, जब उनकी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ग्वालियर-झांसी राजमार्ग पर रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे मालवा कॉलेज के पास हुआ, जो ग्वालियर शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर है।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार फॉर्च्यूनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कार सीधे ट्रॉली के नीचे घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सभी एयरबैग खुलने के बावजूद फट गए और किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला। पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस के पहुंचने पर सभी शव बुरी तरह कार में फंसे हुए थे। रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। सभी मृतक ग्वालियर शहर के निवासी थे।

पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि हादसे का मुख्य कारण ओवरस्पीडिंग था। ग्वालियर CSP हिना खान ने बताया कि कार की गति लगभग 120 किमी/घंटा या उससे अधिक रही होगी, जिसके कारण एयरबैग भी काम नहीं आ सके। मामले की गहन जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

मृतकों के नाम:

  • क्षितिज उर्फ प्रिंस राजावत
  • कौशल भदोरिया
  • आदित्य प्रताप सिंह जादौन
  • अभिमन्यु सिंह
  • शिवम राजपुरोहित

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर करता है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरी घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *