GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: मयंक गुप्‍ता

Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवरात्रि मेले के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। सातऊं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं पर धान से भरा एक अनियंत्रित ट्रक काल बनकर टूट पड़ा। इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 26 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में कई महिलाएं, युवा और नाबालिग शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन की तरफ से जारी मृतक सूची

  • सतेन्द्र सिंह गुर्जर (22), निवासी महलगांव।
  • सरला तोमर (50), निवासी हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा-गुढ़ी का नाका।
  • गौरव परिहार (18), निवासी बड़ागांव, खुरैरी।
  • महेश शर्मा (45), निवासी सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर।
  • विमलेश (18), निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी।
  • देवेश बघेल (17), निवासी मावटा, भितरवार।
  • प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16), निवासी ठाठीपुर, चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार।
  • शौर्य शर्मा (15), निवासी सहसराम, जिला श्योपुर।
  • हेमंत राठौर, निवासी शिवनगर गदाईपुरा।
  • दिव्यांश कुशवाह (17), निवासी महेशपुरा, सिकंदर कम्पू।
  • पवन राठौर (23), निवासी गदाईपुरा, हजीरा।

प्रशासन के मुताबिक, शेष मृतकों की पहचान की जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो रही हैं।

चीनौर रोड की ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक

Gwalior यह दुर्घटना शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर स्थित शीतला माता मंदिर के पास हुई। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान ढलान वाले रास्ते से गुजर रहा धान से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर तेजी से आगे बढ़ने लगा। बेकाबू ट्रक ने रास्ते में खड़े श्रद्धालुओं और सड़क किनारे की दुकानों को अपनी चपेट में लेते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे के नीचे दब गए।

प्रशासन और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

Gwalior हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य के लिए हाइड्रा की मदद ली गई, जिससे ट्रक को हटाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके अलावा, मौके पर मौजूद कुछ मेडिकल छात्रों और स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद में अहम भूमिका निभाई। घायलों को तुरंत जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायलों का इलाज जारी है।

पीएम और सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Gwalior इस भीषण हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है। प्रशासन ने ट्रक के अचानक आगे बढ़ने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।

ये भी पढ़े: प्रसव के दौरान लापरवाही से प्रसूता की मौत: क्लिनिक सील, परिजनों ने किया सड़क जाम और न्याय की गुहार