GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: मयंक गुप्‍ता

Gwalior : ग्वालियर जिले के करहिया थाना क्षेत्र से अंधविश्वास से जुड़ा एक अत्यंत सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पड़ोसी ने कथित तौर पर अंधविश्वास के चलते 14 साल के बच्चे की मानव बलि देने की असफल कोशिश की। आरोपी बच्चे को झांकी दिखाने के बहाने जंगल लेकर गया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

झांकी दिखाने के बहाने जंगल ले गया था पड़ोसी

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विक्की गौड़ ने सुनियोजित तरीके से 14 वर्षीय निशांत रावत को अपनी जाल में फंसाया। आरोपी ने बच्चे को झांकी दिखाने के नाम पर घर से बाहर बुलाया और उसे सुनसान गोलेश्वर पहाड़ी के जंगल में ले गया। किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि जिस पड़ोसी पर वे भरोसा कर रहे हैं, वह इतनी भयानक साजिश रच रहा है। जंगल में ले जाकर आरोपी ने अंधविश्वास के चक्कर में मासूम की जान लेने की नीयत से उस पर चाकू से एक के बाद एक ताबड़तोड़ वार कर दिए।

मरा समझकर भागा आरोपी, खून से लथपथ घर पहुँचा मासूम

आरोपी ने निशांत के शरीर पर चाकू से कुल 9 गंभीर वार किए। जब बच्चा लहूलुहान होकर अहोश हो गया, तो आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद जब घायल निशांत को होश आया, तो उसने अपनी हिम्मत जुटाई। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में ही वह किसी तरह पैदल चलकर अपने घर पहुँचा। बच्चे की ऐसी हालत देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत उसे अस्पताल लेकर दौड़े।

पुलिस कार्रवाई में देरी के आरोप, एसपी ऑफिस पहुँचे परिजन

घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। न्याय की आस में और पुलिस की सुस्ती से नाराज परिजन लहूलुहान बच्चे को लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुँच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए ASP देहात जयराज कुबेर ने बताया कि मुख्य आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

ये भी पढे: Shajapur daylight theft elderly : शाजापुर में दिनदहाड़े दो बुजुर्ग दुकानदारों को बनाया निशाना: बातों में उलझाकर 45 हजार रुपये ले उड़ा बाइक सवार