GSTGST
Spread the love

GST: फिरोजाबाद में थाना उत्तर पुलिस ने जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी की थी। पुलिस ने उनके पास से जीएसटी फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

GST: एसआईटी टीम ने किया गिरोह का पर्दाफाश

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम द्वारा की गई। मामला थाना उत्तर में जीएसटी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

GST: कूटरचित दस्तावेजों से कराया जीएसटी पंजीकरण

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर M/s DIVYAHYBRID PRIVATE LIMITED नाम से फर्जी फर्म का जीएसटी पंजीकरण कराया। रेंट एग्रीमेंट समेत सभी आवश्यक दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिनका इस्तेमाल केवल कर चोरी के लिए किया गया।

बिना लेन-देन के दिखाया करोड़ों का कारोबार

वर्ष 2023-24 में बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के 8.32 करोड़ रुपये का फर्जी व्यापार दिखाया गया। वहीं, वर्ष 2024-25 में भी 7.58 लाख रुपये का फर्जी विक्रय दर्ज किया गया। इसके जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ उठाकर कुल 2.20 करोड़ रुपये की जीएसटी देनदारी बनाई गई, जिसका भुगतान नहीं किया गया।

चार्टर्ड अकाउंटेंट की तलाश जारी

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अपने कंप्यूटर संसाधनों का उपयोग कर फर्म के पंजीकरण से लेकर फर्जी बिल और बाउचर तैयार करने तक की पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। उसकी तलाश जारी है।

जीएसटी विभाग ने संबंधित फर्मों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त बैंक खातों को सीज करने की प्रक्रिया चल रही है और अन्य संदिग्ध लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े: ग्रामीण शिक्षा को डिजिटल मजबूती: उत्तर प्रदेश में हजारों गांवों तक पहुंचेगी डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *