रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Durg : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आर्य नगर में एक ही घर से परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद हुए हैं। कमरे के भीतर पति-पत्नी के शव फंदे से लटके मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसर गया है। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि (13) और बेटे यशांत (11) के रूप में हुई है।
Durg सुसाइड नोट में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का जिक्र, दांपत्य जीवन के विवादों का हुआ खुलासा
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से दो सुसाइड नोट मिले हैं। इन पत्रों में वैवाहिक जीवन के आपसी तनाव और गंभीर पारिवारिक कलह का साफ तौर पर उल्लेख किया गया है। सुसाइड नोट में पत्नी चंचल साहू ने अपने पति पर किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) होने का सीधा आरोप लगाया है। माना जा रहा है कि इसी गृहक्लेश और मानसिक प्रताड़ना के चलते पूरे परिवार ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
Durg खौफनाक साजिश: बच्चों को पहले दिया जहर और नींद का इंजेक्शन, फिर खुद लगाई फांसी
प्रारंभिक फॉरेंसिक और पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। साक्ष्यों के अनुसार, पति-पत्नी ने खुदकुशी करने से पहले एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने दोनों बच्चों को शराब पिलाई और फिर उन्हें नींद का हैवी इंजेक्शन दिया। जब बच्चे अचेत हो गए, तो रस्सी से उनका गला घोंटकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया गया। इसके बाद पति-पत्नी ने भी शराब का सेवन किया और कमरे में लगे फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
Durg शेयर ट्रेडिंग का काम करते थे गृहस्वामी, पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल से शराब की बोतलें, प्रयुक्त सीरिंज-इंजेक्शन और कुछ दवाइयां जब्त की गई हैं। प्राथमिक तौर पर मामला बच्चों की हत्या के बाद माता-पिता द्वारा आत्महत्या करने का प्रतीत होता है। मृतक गोविंद साहू पेशे से शेयर ट्रेडर थे और भिलाई के प्रियदर्शिनी परिसर से अपना दफ्तर चलाते थे, जबकि दोनों बच्चे केपीएस नेहरू नगर स्कूल के छात्र थे। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सकेगी।

