
भोपाल, मध्य प्रदेश: भोपाल के बहुचर्चित सीरियल बलात्कार और ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अली के रूप में हुई है, जो भोपाल की निजामुद्दीन कॉलोनी में अपनी प्रेमिका के आवास पर छिपा हुआ था। अली पर कॉलेज की छात्राओं के साथ बलात्कार करने के बाद उनके वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है।
इससे पहले, भोपाल में हुए इस सीरियल बलात्कार कांड में पुलिस ने रविवार को कोलकाता से चौथे आरोपी अबरार को गिरफ्तार किया था। उसी के कमरे में लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई थीं। पुलिस द्वारा पकड़े गए अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन से भी इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मोबाइलों से बरामद कई वीडियो में एक दुष्कर्मी को एक साथ तीन लड़कियों के साथ बलात्कार करते और उन्हें प्रताड़ित करते हुए देखा जा सकता है।
हाल ही में भोपाल में निजी कॉलेजों की छात्राओं के साथ सीरियल बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी फरहान है, जिसे पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। फरहान के मोबाइल फोन में कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इन वीडियो में फरहान को एक साथ तीन लड़कियों से बलात्कार करते और उन्हें मारते-पीटते हुए देखा गया है।
मूल रूप से पन्ना का रहने वाला फरहान पढ़ाई के लिए भोपाल आया था। यहां उसने एक डांस क्लास शुरू की थी, जिसमें वह कथित तौर पर केवल हिंदू लड़कियों को ही दाखिला देता था। उसने पुलिस को बताया कि उसने पहली बार बैतूल की रहने वाली एक लड़की के साथ बलात्कार किया था और उसका वीडियो बनाकर बाद में उसे ब्लैकमेल भी किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों का एक संगठित गिरोह है जो हिंदू लड़कियों को निशाना बनाता था। उनके निशाने पर गरीब परिवारों से आने वाली लड़कियां होती थीं। आरोपी लड़कियों को अपने कमरे पर बुलाकर उनसे बलात्कार करते थे और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। इस मामले में फरहान के अलावा साहिल, अली, साद, अबरार और नबील भी आरोपी हैं। भोपाल सीरियल बलात्कार कांड का सरगना फरहान है। पीड़ित और कुछ अन्य छात्राओं की काउंसलिंग जारी है, जिसके बाद इस मामले में कुछ और नाम सामने आ सकते हैं।
इस सीरियल बलात्कार कांड का खुलासा तब हुआ जब बाग सेवनिया थाने में एक मामला दर्ज किया गया। आरोपी फरहान नशे का आदी था और हाल ही में वह एक पीड़िता के घर तक पहुंच गया था। पीड़िता ने अपने दोस्त की मदद से सभी सबूत पुलिस तक पहुंचाए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों पर निगरानी रखने की बात कही है और इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मामले की जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी ने दो बहनों के साथ बलात्कार किया था। यह गिरोह संगठित तरीके से बलात्कार करता था और लड़कियों के वीडियो बनाता था। यह भी जानकारी मिली है कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पहले फरहान के खिलाफ शांति भंग करने की धारा के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन जब पीड़िता ने दबाव डाला तब जाकर पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इस मामले में पांच थानों में पांच मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में फरहान की बहन और जीजा भी शामिल हैं। अब तक पुलिस को 10 से 12 लड़कियों के वीडियो मिले हैं और माना जा रहा है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, पीड़ितों और आरोपियों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।