रिपोर्टर: संजीव कुमार शर्मा
Bhagalpur : बिहार के भागलपुर अंतर्गत नाथनगर रेलवे स्टेशन पर एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और उसे जबरन ले जाने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर (वार्ड संख्या-2) की निवासी है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
Bhagalpur प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर युवकों ने की हरकत
पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वह किसी कार्य से अपने घर से नाथनगर बाजार जा रही थी। इसी दौरान नाथनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर तीन अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे। आरोप है कि तीनों युवक उसे जबरन खींचकर प्लेटफॉर्म की दीवार से सटे सुनसान रास्ते की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
Bhagalpur पीड़िता के शोर मचाने पर फरार हुए आरोपी
विपरीत परिस्थितियों में नाबालिग ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का डटकर विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। स्टेशन परिसर में आवाज सुनते ही आसपास के लोगों का ध्यान उस ओर गया, जिसे देखकर तीनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
रेल और स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज
घटना के पश्चात पीड़िता ने नाथनगर थाना एवं भागलपुर रेल थाना में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ आवेदन देकर न्याय और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और स्टेशन परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की पहचान व तलाश के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है।
ये भी पढ़े: हजारीबाग: गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का गुर्गा एनकाउंटर में घायल, पुलिस हिरासत से भागने के दौरान चली गोली

