
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो भी भारत की तरफ बुरी नजर से देखेगा और हमारी बहनों-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसके अंतिम संस्कार में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा। लखनऊ में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ के अवसर पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान के हौसले पस्त कर दिए हैं। दुनिया ने पाकिस्तान और उसके समर्थकों का शर्मनाक चेहरा भी देखा है, जहाँ आतंकियों के जनाजे में उनके नेता और सैन्य अधिकारी तक शामिल हुए।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर शूरवीरों को सलामी:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भारतीय सेना के शौर्य को नमन करते हुए अपने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा को रवाना किया। हाथ में तिरंगा लेकर उन्होंने इस यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश के वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और युवाओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम कर रहा है और बहादुर जवानों का सम्मान करने के लिए आतुर है।
पाकिस्तान आतंकवाद का जनक, विनाश की ओर अग्रसर:
योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को एक विफल राष्ट्र बताते हुए कहा कि पिछले 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने दुनिया को अपनी नाकामी की ही कहानी सुनाई है। आतंकवाद को बढ़ावा देना इस बात का प्रमाण है कि एक दिन यही आतंकवाद पाकिस्तान को भी निगल लेगा। उन्होंने कहा कि खोखला हो चुका पाकिस्तान जिस तरह की हिमाकत कर रहा है, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उसका मुंहतोड़ जवाब था। उन्होंने भविष्य में चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की ओर उंगली उठाने वाले और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ साजिश रचने वाले का कोई समर्थक नहीं बचेगा।
पहलगाम की बर्बरता का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से मिला कठोर उत्तर:
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक जघन्य घटना को अंजाम दिया था, जिसकी पूरे विश्व ने निंदा की थी, लेकिन आतंकवाद को पालने वाला पाकिस्तान और उसके आका चुप रहे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सारे सबूत दिए, लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, जिसके परिणामस्वरूप ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया। योगी ने बताया कि पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकवादियों और प्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले उनके परिजनों को उनके घिनौने कृत्य की सजा मिली। सभी ने भारतीय सेना के साहस और शक्ति को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि थल, वायु और नौसेना के बहादुर जवानों ने पाकिस्तान की धृष्टता का करारा जवाब दिया और दुनिया को यह संदेश दिया कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे भी नहीं।
तिरंगे के सम्मान में यूपी से शुरू हुई शौर्य यात्रा:
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि जवानों के सम्मान में भाजपा द्वारा यह तिरंगा यात्रा शुरू की गई है। यह तिरंगा भारत की प्रतिष्ठा, गौरव और पराक्रम का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करने, सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में आज से इस यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद सुबह-सुबह लोगों की उपस्थिति को भारतीय सेना के प्रति सम्मान का सुंदर उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इसी धैर्य और समर्पण की भावना को भारतीय नागरिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैनिकों और देश की सरकार के प्रति दिखाया।
‘राष्ट्र प्रथम’ नए भारत का मंत्र, मोदी ने किया एकजुट:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पहले दिन से ही यह संकल्प रहा है कि जब हम नए और विकसित भारत की बात करते हैं, तो हमारा एकमात्र लक्ष्य ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए। जब 140 करोड़ भारतीयों की प्राथमिकता ‘राष्ट्र प्रथम’ होगी, तो हर नागरिक अपने क्षेत्र में कर्तव्य का पालन करने के लिए एकजुट होगा, और तब दुनिया की कोई भी ताकत भारत के सामने नहीं टिक पाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश को एकजुट रखा और पंजाब के आदमपुर में जाकर बहादुर जवानों का हौसला बढ़ाया।
