GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालकर ऑटो में तय क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने वाले चालकों के खिलाफ ग्वालियर यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। 27 नवंबर को की गई विशेष जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करते पाए गए 77 स्कूली ऑटो पकड़े गए। पुलिस ने इन वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 18,300 रुपये का जुर्माना वसूला और ऑटो में अवैध रूप से लगाई गई अतिरिक्त सीटों को निकालकर जब्त कर लिया।

शिकायतों के बाद तीनों ट्रैफिक थानों का संयुक्त अभियान

Gwalior यातायात पुलिस को लगातार यह सूचनाएं मिल रही थीं कि स्कूल आने-जाने वाले कई ऑटो चालक सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर वाहनों में बच्चों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर 27 नवंबर को शहर के तीनों ट्रैफिक थानों की टीमों ने एक साथ सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

झांसी रोड समेत कई इलाकों में सघन जांच

Gwalior एसएसपी धर्मवीर सिंह और एडिशनल एसपी जेनडेन लिंगजर्पा के निर्देशन तथा डीएसपी ट्रैफिक मध्य, पश्चिम और पूर्व के मार्गदर्शन में झांसी रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर स्कूल वाहनों की पड़ताल की गई। जांच में 77 ऑटो ऐसे मिले, जिनमें निर्धारित सीमा से ज्यादा बच्चे सवार थे। मौके पर ही इन सभी से 18 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया और ज्यादा बच्चों को बैठाने के लिए जुगाड़ से लगाई गई एक्स्ट्रा सीटें हटाकर जब्त कर ली गईं।

लाइसेंस निलंबन के लिए आरटीओ को भेजा प्रतिवेदन

Gwalior ग्वालियर ट्रैफिक डीएसपी अजीत सिंह चौहान ने जानकारी दी कि यातायात नियमों को तोड़ने वाले इन चालकों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके ड्राइविंग लाइसेंस (DL) निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग (RTO) को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। साथ ही माता-पिता से भी आग्रह किया गया है कि वे बच्चों को स्कूल भेजने वाले वाहनों की क्षमता और सुरक्षा मानकों की स्वयं जांच करें।

ये भी पढ़े: दतिया हनी ट्रैप मामला: 8 महीने से फरार 10 हजार का इनामी अरविंद राय गिरफ्तार, शहर में निकाला जुलूस