MuzaffarpurMuzaffarpur
Spread the love

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम को हिंसक विरोध का सामना करना पड़ा। साहेबगंज बाजार के केशव चौक के पास अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि केशव चौक स्थित विपणन केंद्र की छत से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे एक बुलडोजर का शीशा व हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई और लगभग आधा दर्जन राहगीर घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले के बाद इलाके में भगदड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया।

नवल किशोर चौक से शुरू हुआ था अभियान

Muzaffarpur: प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अतिक्रमणकारियों को पहले ही समय सीमा दी गई थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद जिला प्रशासन और नगर परिषद ने साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र में संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। कार्रवाई की शुरुआत नवल किशोर चौक से हुई, जिसके बाद सड़क के उत्तरी हिस्से, नालों तथा प्रमुख मार्गों से अवैध कब्जे हटाए जाने लगे। अभियान के तहत नवल किशोर चौक से ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे के अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने पहले ही अपना सामान समेट लिया था।

केशव चौक पहुंचते ही बिगड़ी स्थिति

Muzaffarpur: जैसे ही टीम केशव चौक के पास पहुंची, वहां से ईंट और पत्थर बरसाए जाने लगे। स्थिति अचानक तनावपूर्ण होने पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज समेत कार्रवाई दल के सदस्यों को सुरक्षित स्थान की ओर हटना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद पत्थरबाजी करने वाले लोग वहां से भाग निकले और पुलिस ने मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया।

एक सप्ताह पहले दी गई थी चेतावनी, एफआईआर की तैयारी

Muzaffarpur: प्रशासन के अनुसार, दुकानदारों और कब्जाधारियों को सड़क व सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही सूचित कर दिया गया था। तय समय बीतने के बाद कार्रवाई अमल में लाई गई। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि अभियान के दौरान उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में बुलडोजर (जेसीबी) का शीशा और हेडलाइट टूट गई है। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।

read this:-Bareilly Girl Converts to Sanatan Dharm: बरेली: नरगिस से इच्छा देवी बनी युवती ने अपनाया सनातन धर्म, प्रेमी आकाश से रचाई शादी