रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Rajgarh : मध्य प्रदेश में बाल विवाह की कुप्रथा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ग्रामीण स्तर पर नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने घोषणा की है कि अब पंचायत क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक शादी का संबंधित ग्राम पंचायत में पंजीयन अनिवार्य करने के लिए नियम बनाए जाएंगे। उन्होंने यह महत्वपूर्ण ऐलान राजगढ़ जिले की जीरापुर तहसील स्थित ग्राम पंचायत बांगपुरा में ‘अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस’ और ‘नई चेतना 5.0 जेंडर अभियान’ के राज्य स्तरीय शुभारंभ अवसर पर किया।
पंचायतों को मिलेगी निगरानी की सीधी जिम्मेदारी
Rajgarh कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पंचायतों में शादियों का विधिवत रिकॉर्ड दर्ज होने से कम उम्र में होने वाले विवाहों की निगरानी आसान होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2030 तक प्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायतों, स्कूलों, स्व-सहायता समूहों और धर्मगुरुओं को मिलकर काम करना होगा। इसके साथ ही, जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का कोई प्रकरण सामने नहीं आएगा, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा।
बाल विवाह का विरोध करने वाली 7 बेटियों का सम्मान
Rajgarh इस आयोजन के दौरान उन सात साहसी बालिकाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पारिवारिक और सामाजिक दबाव के बावजूद बाल विवाह से इनकार कर अपनी शिक्षा जारी रखी। सम्मानित होने वाली बेटियों में सुनीता सोलंकी, निकिता, धापू, निशा, खुशी तंवर, खुशी वर्मा और माया लववंशी शामिल रहीं। इस मौके पर बाल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले राजगढ़ और खिलचीपुर के लोक अधिकार केंद्रों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ की सौगात और ‘मुक्ति रथ’ रवाना
Rajgarh समारोह में मंत्री पटेल ने 105 महिला स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ रुपये की राशि का सांकेतिक चेक सौंपा और गांव-गांव जाकर बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को सचेत करने के लिए ‘मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के समान अवसर देने की अपील की। इस अवसर पर राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक अमर सिंह यादव, विधायक हजारी लाल दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: मुरैना: छौंदा टोल प्लाजा का ठेका बदलते ही 25 कर्मी बेरोजगार, 6 दिन से हाईवे पर धरना




