Jaipur Family Deaths: राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में एक बंद मकान के भीतर से एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक के मोबाइल फोन से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। यह घटना कांवटिया अस्पताल से विद्याधर नगर रोड की ओर स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप रामनगर इलाके में सामने आई है।
अलग-अलग कमरों में मिले तीनों शव
Jaipur Family Deaths: पुलिस अधिकारी दिलीप के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रामनगर क्षेत्र के एक मकान में तीन लोगों के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि तीनों की मौत हो चुकी है और शव घर के तीन अलग-अलग कमरों में पड़े थे। प्रारंभिक जानकारी में मृतकों की पहचान एक महिला, उसकी बेटी और बेटे के रूप में हुई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की भी पुष्टि की गई है।
मां व बहन की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
Jaipur Family Deaths: युवक लवकी के मोबाइल में मिले कथित सुसाइड नोट से यह बात सामने आई है कि उसने अपनी मां सरोज और बहन शिवांगी की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक पृष्ठभूमि में महिला और उसकी बेटी के बीच मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के चलते अक्सर तनाव व विवाद होता था। यह भी बताया गया कि कुछ वर्ष पहले मृतक लवकी के पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच जारी
Jaipur Family Deaths: घटना की सूचना पर डीसीपी नॉर्थ करन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने घर का दरवाजा खोला, तो करीब 35 वर्षीय युवक फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि दो अन्य कमरों में महिलाओं के शव पड़े थे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।





