रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : शहर के हॉस्पिटल रोड इलाके में स्थित एमडीआर टीबी (मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट ट्यूबरकुलोसिस) अस्पताल की मूल्यवान जमीन को लेकर चिंताएं गहराती जा रही हैं। चर्चा है कि इस बेशकीमती सरकारी भूमि पर भू-माफिया और निजी स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रभावशाली लोगों की नजर टिक गई है। जानकारों का मानना है कि यदि गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) प्रबंधन ने समय रहते जर्जर ढांचे को हटाने और नए विकास कार्य का प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा, तो शहर के मध्य स्थित यह करोड़ों रुपये की जमीन निजी हाथों में जाने की आशंका बढ़ सकती है।
विभागीय विलय के बीच प्रशासनिक ढिलाई का फायदा उठाने की कोशिश
Gwalior हॉस्पिटल रोड पर स्थित होने के कारण यह भूखंड वाणिज्यिक और स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली स्वास्थ्य माफिया पर्दे के पीछे से इस जमीन पर कब्जा या नियंत्रण पाने की जुगत में लगे हुए हैं। यह भूमि पहले लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत आती थी, जिसे बाद में चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपा गया। हालांकि, राज्य स्तर पर दोनों विभागों के विलय के बावजूद जमीनी स्तर पर कामकाज और प्रबंधन की व्यवस्थाएं अब भी अलग-अलग चल रही हैं। इसी तालमेल की कमी और प्रशासनिक सुस्ती का लाभ उठाने की कोशिशें की जा रही हैं।
जर्जर घोषित भवन के बावजूद फाइलों की धीमी रफ्तार
Gwalior अस्पताल परिसर में बना पुराना एमडीआर टीबी भवन अत्यंत जीर्ण-शीर्ण और असुरक्षित स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे किसी दुर्घटना की आशंका के चलते इसे खाली करा लिया गया है। कुछ समय पहले जीआरएमसी के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने परिसर का निरीक्षण किया था। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने जयारोग्य अस्पताल समूह (JAH) के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना को जर्जर भवन को गिराने की प्रक्रिया प्रारंभ करने और शासन को औपचारिक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर प्रस्ताव भेजने की गति अपेक्षा के अनुरूप तेज नहीं हो सकी है।
नर्सिंग स्टाफ के आवास निर्माण से सुरक्षित हो सकती है भूमि
Gwalior निरीक्षण के दौरान डीन डॉ. धाकड़ ने इस स्थान के बेहतर उपयोग को लेकर अपनी योजना भी साझा की थी। मेडिकल कॉलेज और जेएएच में सेवारत नर्सिंग कर्मियों को फिलहाल परिसर के नजदीक पर्याप्त आवास सुविधा मिलने में कठिनाई होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पुराने भवन को ध्वस्त करने के बाद खाली होने वाली जगह पर नर्सिंग स्टाफ के लिए आवासीय क्वार्टर बनाने का विचार रखा गया था। यदि इस दिशा में शीघ्र ठोस प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाता है, तो नर्सिंग कर्मचारियों की आवास समस्या का समाधान होने के साथ-साथ करोड़ों की सरकारी जमीन भी सुरक्षित रखी जा सकेगी।
ये भी पढ़े: कृष्णा गुर्जर हत्याकांड के बाद मुरैना में बवाल, नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम और दुकान में तोड़फोड़

