MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल

Morena : जिले में हुए कृष्णा गुर्जर हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। पुलिस की अब तक की कार्यवाही से नाखुश परिजनों ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को सरायछोला थाना क्षेत्र के सामने नेशनल हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब आक्रोशित भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने एक आरोपी के भाई की दुकान में धावा बोलकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और दुकान का सामान तहस-नहस कर दिया।

मृतक कृष्णा गुर्जर

सीएसपी ने संभाला मोर्चा, पर मांगों पर अड़े रहे परिजन

Morena नेशनल हाईवे पर जाम लगने और तनाव की सूचना मिलते ही सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने तथा मार्ग बहाल करने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, संभावित खतरे को देखते हुए पीड़ित परिवार की सुरक्षा के मद्देनजर गांव में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

बुलडोजर कार्रवाई और शस्त्र लाइसेंस की उठी मांग

Morena प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने प्रशासन के समक्ष कई सख्त मांगें रखीं। उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण या संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, आत्मरक्षा का हवाला देते हुए परिवार के एक सदस्य को नया शस्त्र लाइसेंस प्रदान किए जाने की मांग भी की गई। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

समझाइश के बाद हटाया गया शव, बहाल हुआ यातायात

Morena हाईवे पर जारी जाम और बढ़ते तनाव के बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के पुत्र कप्तान सिंह उर्फ बंकू कंषाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से संवाद किया तथा उन्हें धैर्य रखते हुए प्रशासन पर भरोसा बनाए रखने की समझाइश दी। लंबी बातचीत और मान-मनौवल के बाद परिजन हाईवे से शव हटाने के लिए राजी हुए, जिसके पश्चात मार्ग से जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल, कृष्णा गुर्जर हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में संवेदनशीलता बनी हुई है और परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा परिवार की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग पर कायम हैं।

ये भी पढ़े: एमपी बोर्ड छमाही परीक्षा में पुराने प्रारूप से छात्र असमंजस में, सरकारी और निजी स्कूलों के पैटर्न में बड़ा अंतर