Samajwadi Party manifesto 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणापत्र पेश करने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को दोपहर 3 बजे लखनऊ में इस दस्तावेज को जारी करेंगे, जिसे ‘जन-मन घोषणापत्र‘ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र‘ नाम दिया गया है। पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्गों के साथ-साथ आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है।
तीन स्तरों पर बांटा गया है चुनावी एजेंडा
Samajwadi Party manifesto 2027:इस बार सपा पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ने के बजाय तीन अलग-अलग श्रेणियों में अपना विजन सामने रख रही है। इसका मकसद प्रदेश के व्यापक मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय स्तर की समस्याओं को भी संबोधित करना है।
- राज्य स्तरीय दस्तावेज: पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मुख्य नीतियां, सामाजिक न्याय और बड़े जनकल्याणकारी वादे।
- जिला स्तरीय दस्तावेज: सभी 75 जिलों की भौगोलिक, आर्थिक और स्थानीय जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग घोषणापत्र।
- लखनऊ विशेष दस्तावेज: प्रदेश की राजधानी के शहरी नियोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं पर केंद्रित खास रोडमैप।
महिलाओं, युवाओं और आम जनता से जुड़े संभावित वादे
Samajwadi Party manifesto 2027:घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान सबसे अहम माना जा रहा है। इस योजना के पात्रता नियम और शर्तें लॉन्च के दौरान स्पष्ट की जाएंगी। इसके अलावा युवाओं के रोजगार और रोजमर्रा की राहत से जुड़े कई अन्य बिंदु भी चर्चा में हैं:
- युवा और रोजगार: स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक की मदद, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास।
- बिजली और स्वास्थ्य: घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और जरूरतमंदों को बिना कार्ड के मुफ्त इलाज की सुविधा।
- लखनऊ के लिए खास फोकस: राजधानी में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नए फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण, बेहतर अस्पताल व स्कूल, साथ ही छात्रों के लिए मुफ्त मेट्रो सफर जैसी घोषणाएं शामिल हो सकती हैं।
सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस में बढ़ी खींचतान
Samajwadi Party manifesto 2027: घोषणापत्र के विमोचन से ठीक पहले गठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर तल्खी खुलकर सामने आ गई है। चर्चा है कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, जिसके बाद रात में ही सपा ने अपने 5 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।
इन घोषित सीटों में से कुछ पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने भी अपना दावा जताया था। इसी मुद्दे को लेकर इमरान मसूद ने सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 403 सीटों में से 26 सीटें दिए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कांग्रेस कोई कमजोर या ‘भिखारी’ पार्टी नहीं है, जबकि पिछले चुनाव में आरएलडी को इससे अधिक सीटें मिली थीं। उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर सपा की गंभीरता पर भी सवाल उठाए, जिससे आगामी बैठकों को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।

