Gwalior Crime News:मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां माधवगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के विवाद में खौफनाक कदम उठाते हुए एक ही परिवार के दो सदस्यों (पिता और पुत्र) पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। फिलहाल, झुलसे हुए पिता-पुत्र और आरोपी तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अस्पताल में साथ काम करने के दौरान हुई थी नजदीकी
Gwalior Crime News:पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम ग्वालियर के माधौगंज इलाके का है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित युवक की पत्नी और आरोपी रजत पहले लिंक हॉस्पिटल में एक साथ नौकरी करते थे। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव और विवाद शुरू हो गया।
डेढ़ साल पुरानी रंजिश में उठाया खौफनाक कदम
Gwalior Crime News:जब महिला के पति को अपनी पत्नी और रजत के बीच चल रहे संबंधों की जानकारी मिली, तो उसने दोनों को कड़ी फटकार लगाई थी। इस घटना के बाद करीब डेढ़ साल तक मामला शांत रहा और सब कुछ सामान्य चलता रहा। लेकिन रविवार दोपहर अचानक आरोपी रजत महिला के घर जा धमका। गुस्से और बदले की भावना से भरे रजत ने घर में मौजूद महिला के पति और ससुर पर पेट्रोल डालकर माचिस जला दी। आग की लपटों में घिरने से पिता और पुत्र दोनों के हाथ, पैर और सीने का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।
वारदात के बाद आरोपी ने खाया सल्फास, जांच में जुटी पुलिस
Gwalior Crime News:पिता-पुत्र को आग के हवाले करने के तुरंत बाद आरोपी युवक ने खुद भी सल्फास की गोली निगल ली। इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे हुए पिता-पुत्र को जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, वहीं जहर खाने वाले आरोपी का भी इलाज जारी है। पीड़ित परिवार के बच्चे ने पुलिस को बताया कि रजत ने ही घर आकर उसके पिता और दादा पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

