रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Datia : शहर के रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल (RLPS) परिसर में एक स्पोर्ट्स टीचर के साथ मारपीट किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस ने पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर भाजपा नेता बृजेश दुबे सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। मामले के तूल पकड़ने के बाद गुरुवार को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
देरी से आने पर बच्चों को रोकने से भड़का विवाद
Datia पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले स्कूल का समय शुरू हो जाने के बाद कुछ अभिभावक अपने बच्चों को लेकर विद्यालय पहुंचे थे। निर्धारित समय से देरी से आने के कारण पाल कॉलोनी, झांसी निवासी स्पोर्ट्स टीचर आकाश श्रीवास ने बच्चों को परिसर में प्रवेश देने से रोक दिया। इसी बात से नाराज होकर कुछ लोग स्कूल के भीतर घुस गए और शिक्षक के साथ हाथापाई व मारपीट की। इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की चर्चा है।
भाजपा नेता समेत इन छह लोगों को बनाया गया आरोपी
Datia पीड़ित शिक्षक आकाश श्रीवास की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने जिन छह लोगों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है, उनमें भाजपा नेता बृजेश दुबे, राज गोस्वामी, अरविन्द दांगी, राजा मावई, नितयुक्त गुर्जर और रमाकांत दांगी के नाम शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न हो पाने के कारण शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों में रोष बना हुआ है।
एसपी को ज्ञापन सौंपकर एसोसिएशन ने की गिरफ्तारी की मांग
Datia घटना के विरोध में गुरुवार को जिले के निजी स्कूल संचालकों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षक पर हमला करना बेहद निंदनीय है, जिससे पूरे जिले के शिक्षकों में असुरक्षा और भय की भावना पैदा हुई है। संगठन ने मांग की है कि सभी नामजद आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं।

