BhopalBhopal
Spread the love

रिपोर्टर: रंजीत सिंह

Bhopal : हर साल नवंबर में जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक और दफ्तरों की कतारों में लगने वाली बुजुर्गों की परेशानी अब कम होने जा रही है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के साझा प्रयास से मध्यप्रदेश के पेंशनधारकों के लिए घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था शुरू की गई है। इस पहल से प्रदेश के करीब 11 लाख पेंशनर्स, विशेषकर बीमार, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्गों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

कॉल या ऐप के जरिए कैसे मिलेगी डोरस्टेप सेवा

Bhopal इस सेवा का लाभ लेने के लिए पेंशनधारकों को टोल-फ्री नंबर 155299 पर कॉल करना होगा या स्मार्टफोन पर Postinfo ऐप के माध्यम से अनुरोध दर्ज कराना होगा। आवेदन दर्ज होने के बाद स्थानीय डाकिया बायोमेट्रिक उपकरण के साथ पेंशनर के घर पहुंचेगा और फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन के जरिए कुछ ही मिनटों में प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी कर देगा। इस सुविधा के लिए प्रति प्रमाण पत्र 70 रुपये का शुल्क तय किया गया है, और प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद उसे jeevanpramaan.gov.in पोर्टल से डाउनलोड भी किया जा सकता है।

किन वर्गों के पेंशनर्स को मिलेगा लाभ और क्या चाहिए

Bhopal इस योजना के दायरे में राज्य शासन व निगम-मंडलों के लगभग 4.50 लाख, ईपीएफओ की ईपीएस-95 पेंशन योजना से जुड़े निजी व अन्य क्षेत्रों के करीब 3.50 से 4 लाख तथा केंद्र सरकार, रेलवे, बैंक व सेना के लगभग 2.50 से 3 लाख पेंशनर्स शामिल हैं। प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए पेंशनधारकों को अपने पास पीपीओ (PPO) नंबर, बैंक खाते का विवरण तथा आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर तैयार रखना होगा।

बुजुर्गों और दिव्यांगों की दफ्तरों से जुड़ी परेशानी होगी खत्म

Bhopal उम्र के इस पड़ाव में स्वास्थ्य समस्याओं या शारीरिक अक्षमता के चलते बैंक और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाना बुजुर्गों के लिए बेहद कठिन होता है। घर पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनने की यह व्यवस्था न केवल समय और श्रम बचाएगी, बल्कि पेंशनधारकों को हर साल होने वाली भागदौड़ से भी निजात दिलाएगी।

ये भी पढ़े: फेसर बाजार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने किया सांस्कृतिक भक्ति जागरण का शुभारंभ