Sitamarhi Chhath Ghat:लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक तरफ श्रद्धालु पूरी निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ घाट पर आपसी विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष और मारपीट शुरू हो गई। इस हंगामे और भगदड़ के माहौल के बीच एक महिला संतुलन बिगड़ने से जमीन पर धड़ाम से गिर पड़ी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घाट पर मची अफरा-तफरी, युवकों के बीच हुई हाथापाई
Sitamarhi Chhath Ghat:प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सीतामढ़ी नगर के वार्ड नंबर 23 स्थित रिंग बांध के नीचे और जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के समीप लक्ष्मण नदी तट पर बने छठ घाट की है। सुबह के अर्घ्य के दौरान घाट पर भारी भीड़ जुटी हुई थी। इसी बीच किन्हीं कारणों से दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे 10 से 12 लोग मिलकर दो युवकों की पिटाई कर रहे हैं, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
धक्का-मुक्की के बीच गिरी महिला, बड़ी अनहोनी टली
Sitamarhi Chhath Ghat:अचानक हुई इस मारपीट और हुड़दंग के कारण घाट पर भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। लोग अपने पूजा के सामान और सूप-डाले समेटने लगे। इसी आपाधापी और धक्का-मुक्की के बीच एक महिला अपना संतुलन खो बैठी और जमीन पर गिर पड़ी। गनीमत यह रही कि आसपास मौजूद अन्य सतर्क श्रद्धालुओं ने तुरंत दौड़कर महिला को संभाला और उठाया, जिससे किसी बड़े हादसे या गंभीर चोट से बचाव हो गया। बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

