Noida Birthday Party Murder:दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नोएडा के नया बांस गांव स्थित ऋषिपाल पार्क में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली सी बात पर उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक झड़प में 25 वर्षीय एक युवक की जान चली गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुँचा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक घटना के बाद से इलाके में तनाव और शोक का माहौल है, वहीं आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं।
स्कूटी पैर पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
Noida Birthday Party Murder:पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नया बांस गांव के ऋषिपाल पार्क में कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान अमित नाम का 25 वर्षीय युवक अपनी स्कूटी से उस रास्ते से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक उसकी स्कूटी वहाँ खड़े तालिब नाम के युवक के पैर पर चढ़ गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
गुस्से में आपा खो चुके तालिब और उसके साथियों ने अमित पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अमित के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुँचा दूसरा युवक भी घायल, आरोपी फरार
Noida Birthday Party Murder:इस पूरी घटना के दौरान जब शिवम नामक एक अन्य युवक बीच-बचाव कराने और झगड़ा शांत कराने पहुँचा, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में शिवम के सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत अधिक गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गनीमत यह रही कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने चार टीमें गठित कर शुरू की धरपकड़
Noida Birthday Party Murder:वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी तालिब और हर्ष मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना फेस-1 की पुलिस भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

