रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है। बागचीनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-552 (NH-552) के पास एक महिला का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने की नीयत से महिला की हत्या के बाद शव को आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
NH-552 हाईवे के पास मिला झुलसा हुआ शव
Morena घटना बागचीनी थाना क्षेत्र अंतर्गत छैरा गांव के पास की है। बीती सुबह हाईवे किनारे राहगीरों ने जली हुई हालत में शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची बागचीनी थाना पुलिस ने जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पहचान छिपाने की नीयत से हत्या का अंदेशा
Morena शव काफी हद तक झुलस चुका है, जिसके चलते प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का अनुमान है कि वारदात को अंजाम कहीं और देने के बाद शव को हाईवे किनारे फेंककर आग लगाई गई है, ताकि मृतका की शिनाख्त न हो सके।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Morena फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। बागचीनी पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों की संघर्षपूर्ण दिवाली: 325 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे युवा

