Muzaffarpur Dial 112 Team Attacked:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बार फिर खाकी को चुनौती देने वाली हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जिले के पियर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोविंदपुर छपरा गांव में पारिवारिक विवाद को शांत कराने पहुँची डायल 112 की पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों समेत तीन कर्मी घायल हो गए, जबकि उपद्रवियों ने महिला सिपाही का हथियार तक छीनने का कुत्सित प्रयास किया।
डायल 112 टीम पर अचानक हुआ सुनियोजित हमला
Muzaffarpur Dial 112 Team Attacked:पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायल 112 को इवेंट संख्या 7584333 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोविंदपुर छपरा गांव में दो भाइयों और उनके परिजनों के बीच आपसी मारपीट हो रही है। इस शिकायत का सत्यापन करने और शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची।
मौके पर परिवार के सदस्य आपस में उलझे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान, एक पक्ष के उग्र लोगों ने अचानक पुलिस बल के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी तथा लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस अराजकता के बीच हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही का हथियार छीनने का भी दुस्साहस किया।
तीन पुलिसकर्मी हुए घायल, एक आरोपी गिरफ्तार
Muzaffarpur Dial 112 Team Attacked:इस अचानक हुए हमले में पुलिस अपर निरीक्षक शंभूनाथ यादव के कंधे पर गंभीर चोट आई है। वहीं, सिपाही सुमित कुमार के सिर व कंधे पर चोट लगी है और महिला सिपाही बबीता कुमारी भी इस झड़प में घायल हो गईं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत बंदरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज किया गया।
पूर्वी एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पियर थाना क्षेत्र में दो भाइयों के आपसी विवाद के बाद एक पक्ष द्वारा डायल 112 पर कॉल की गई थी। पुलिस टीम के पहुँचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक कुलदीप कुमार (निवासी वार्ड नंबर-3, गोविंदपुर छपरा) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि भाइयों के बीच बहन की शादी को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में पियर थाने में कांड संख्या 188/26 दर्ज कर अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

